परवलपुर थाना क्षेत्र के विजयपुरा गांव की घटना गांव की घटना
डीएनबी भारत डेस्क

परबलपुर थाना क्षेत्र के विजयपुरा गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गोतिया के बीच हुए विवाद में हुई गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल की पहचान दिलीप कुमार, पिता रामाश्रय प्रसाद, निवासी विजयपुरा के रूप में हुई है।इलाज के दौरान दिलीप ने बताया कि वह मछली पालन का काम करते हैं और रोज की तरह तालाब पर मछलियों को दाना डालने गए थे। उसी दौरान उनके चचेरे भाइयों ने अचानक हमला कर दिया।
दोनों के बीच करीब 10 बीघा जमीन के बंटवारे को लेकर पिछले एक साल से विवाद चल रहा है, हालांकि दिलीप का दावा है कि उनका खुद किसी पक्ष से कोई विवाद या पारिवारिक मतभेद नहीं है।
दिलीप के अनुसार, आरोपियों ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उन पर जानलेवा हमला किया और गोली चला दी।
गोली उनके हाथ में लगी, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हिलसा डीएसपी कुमार ऋषि राज ने बताया कि घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है।
पुलिस ने घायल को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भेजा और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। डीएसपी के अनुसार जमीन के पुराने विवाद में गोलीबारी घटना घटी है.
डीएनबी भारत डेस्क